
थाटीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरपुरा निवासी 23 वर्षीय पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि करीब एक साल पहले मई में नौकरी को लेकर उसकी मुलाकात विनय जाटव से हुई थी। उसने दो दिन विनय के यहां काम किया। लेकिन काम समझ न आने पर नौकरी छोड़ दी। इसके बाद भी विनय से फोन पर बातचीत होती रही। पीड़िता के मुताबिक विनय अक्सर उससे थाटीपुर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर मिलने आता था और साथ चलने को कहता था। मना करने पर जून 2025 में विनय ने कहा कि उसे बात करनी है और पीड़िता को अल्कापुरी स्थित अपने फ्लैट पर ले गया। आरोप है कि फ्लैट पर कोई नहीं था। विरोध करने पर विनय ने जबरदस्ती गलत तरीके उसे छुआ और कपड़े उतार दिए। शोर मचाने पर आरोपी ने उसे जाने दिया। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद विनय लगातार कॉल कर परेशान करने लगा। उसे डर था कि कहीं आरोपी ने वीडियो तो नहीं बना लिया। इसलिए वह बात करती रही। 2 जून 2026 को उसके दोस्त आदर्श उर्फ विनीत जाटव का कॉल आया। उसने कहा कि उसके वीडियो और फोटो साइट पर अपलोड हैं। वह हटवा सकता है लेकिन इसके बदले अपने फोटो भेजने होंगे। आरोप है कि 4 जून की रात तक आदर्श लगातार मैसेज और कॉल कर दबाव बनाता रहा। वहीं प्रांशू उर्फ पीयूष माझी नाम का युवक भी व्हाट्सएप कॉल कर मिलने और बात करने का दबाव बना रहा था। धमकी दी कि बात नहीं की तो बदनाम कर देगा। विनय, आदर्श उर्फ विनीत और प्रांशू उर्फ पीयूष तीनों युवकों की धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने पूरी बात घरवालों को बताई। इसके बाद परिजनों के साथ थाटीपुर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर विनय जाटव, आदर्श उर्फ विनीत जाटव और प्रांशू उर्फ पीयूष माझी के खिलाफ छेड़छाड़, धमकाने और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनो को गिरफ्तार कर लिया है।
