
घटना मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाजार की है। रिसाला बाजार निवासी 28 वर्षीय कुनाल जैन पुत्र त्रिलोकचन्द्र जैन की भीकाराम त्रिलोकचन्द्र सर्राफ के नाम से ज्वैलर्स की दुकान है। कुनाल जैन ने पुलिस को बताया कि 25 मई 2026 की रात करीब 9 बजे एक व्यक्ति दुकान पर सोना खरीदने आया। उसने अपना नाम जय वर्मा निवासी प्रेम नगर पड़ाव, ग्वालियर बताया। जय वर्मा ने दुकान से 20 ग्राम वजनी सोने के सिक्के खरीदे। कीमत 3 लाख 31 हजार रुपये बनी। आरोपी ने पूरी रकम कुनाल के बैंक ऑफ इंडिया शाखा मुरार के खाता नंबर 945220110000341 में RTGS के माध्यम से ट्रांसफर कर दी। पेमेंट कन्फर्म होने के बाद कुनाल ने उसे सोने के सिक्के दे दिए। अगले दिन जब कुनाल ने खाता चेक किया तो पूरी राशि पर बैंक ने लीन लगा रखा था। बैंक पहुंचने पर पता चला कि जय वर्मा द्वारा भेजी गई धनराशि फ्रॉड की थी। इसी कारण बैंक ने खाते पर लीन लगा दिया। ठगी का पता चलते ही कुनाल ने मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फ्रॉड के पैसों से RTGS किया था। बैंक की शिकायत पर खाता होल्ड कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के बताए पते पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। आरोपी ने ठगी करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी से 2 सोने के सिक्के कीमत लगभग 3 लाख 31 हजार रुपये के जप्त किए हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने फ्रॉड की रकम कहां से जुटाई और RTGS कैसे किया। पुलिस साइबर फ्रॉड के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।